नशे में युवक का हाईवे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, बच्चों को साथ लेकर किया हंगामा; पुलिस ने सुरक्षित पहुंचाया घर

Follow Us

बलौदाबाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक युवक ने तीन मासूम बच्चों को साथ लेकर नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा कर दिया। बुधवार शाम थाना परिसर के सामने हुई इस घटना से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जुड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर डायल 112 की टीम युवक को लेकर लवन थाना पहुंची थी। युवक पड़ोसियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आया था, लेकिन वह अत्यधिक नशे की हालत में था। पुलिस ने पहले बच्चों को सुरक्षित घर छोड़ने और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

इससे नाराज युवक अपने तीनों बच्चों को लेकर थाना के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंच गया और आने-जाने वाले वाहनों के सामने खड़े होकर हंगामा करने लगा। उसने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। पुलिसकर्मियों और परिचितों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

बताया जा रहा है कि समझाने पहुंचे एक परिचित के साथ युवक ने मारपीट भी की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे थाने लेकर आई, लेकिन युवक अपने तीनों बच्चों को वहीं छोड़कर चला गया।

इसके बाद पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक की मां को गांव से बुलाया और तीनों बच्चों को सुरक्षित उनकी दादी के सुपुर्द किया। पुलिस वाहन से बच्चों को सुरक्षित ग्राम जुड़ा भी पहुंचाया गया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।