नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र को लेकर चल रही चर्चाओं पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विराम लगा दिया है। उन्होंने 16 से 18 अगस्त के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की मीडिया रिपोर्टों और अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि, फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। रिजिजू ने स्पष्ट किया कि, मौजूदा मानसून सत्र को आगे बढ़ाने या उसकी तारीखों में बदलाव का भी कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि, परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर सरकार विशेष सत्र बुला सकती है।
इस बीच, सरकार संविधान संशोधन से जुड़े विधेयकों को लेकर समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों से बातचीत की। हालांकि, विपक्ष का कहना है कि, परिसीमन के मुद्दे पर उसका रुख पहले की तरह ही कायम है। गौरतलब है कि, संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत सरकार के लिए चुनौती बना हुआ है। इससे पहले बजट सत्र में भी यह विधेयक पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ सका था। अब सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर सियासी हलचल जारी है।
