छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसूनी गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में आंशिक से लेकर पूर्ण रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर तेज बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। 8 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। खराब मौसम और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों और किसानों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।