ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

Follow Us

कांकेर। प्रदेश के कांकेर जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटने वाले शातिर आरोपी को घटना के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 हजार रुपये कीमत का रियलमी C35 मोबाइल भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम मंगहूर निवासी सयजू सलाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, 3 अगस्त की सुबह कांकेर बस स्टैंड के पास एक युवक ने ब्लेड दिखाकर उसे धमकाया और उसका मोबाइल लूटकर टिकरापारा की ओर फरार हो गया। शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने टिकरापारा के मेलाभाठा क्षेत्र में घेराबंदी कर शिवा वाल्मिकी (28), निवासी टिकरापारा, कांकेर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद कर जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि, शिवा वाल्मिकी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट, राज्य सुरक्षा अधिनियम सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वह थाना कांकेर की गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक दिनेश कुलदीप, प्रधान आरक्षक कौशल साहू, आरक्षक रोशन राठौर, ईश्वर साहू एवं रोमेश दीवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।