चाकू दिखाकर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूटने वाले आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया लूटा हुआ फोन

Follow Us

रायपुर। राजधानी में चाकू की नोक पर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल एक आरोपी और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी मुकेश कुमार ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह जोमैटो में डिलीवरी का काम करता है। 2 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे वह कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास ऑर्डर पहुंचाने गया था। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों ने उससे ऑर्डर की जानकारी ली और पैसे मांगने पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू को निकालकर जान से मारने की धमकी दी और डिलीवरी बॉय का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसके साथ ही पुराने अपराधों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई गई और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा वाहन के संबंध में भी सुराग तलाशे गए। जांच के दौरान पुलिस को नेहरू नगर कोतवाली निवासी भूपेंद्र भारती उर्फ आकु और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन समेत कुल दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भूपेंद्र भारती के खिलाफ पहले भी थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं और वह जेल जा चुका है। वहीं विधि के साथ संघर्षरत बालक भी पहले नकबजनी के मामले में निरुद्ध रह चुका है।