नई दिल्ली। अगर आपको बार-बार सिर के एक हिस्से में तेज दर्द, उल्टी, चक्कर या तेज रोशनी से परेशानी होती है, तो यह माइग्रेन का संकेत हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ सामान्य आदतें माइग्रेन के दौरे को और गंभीर बना सकती हैं। ऐसे में इन गलतियों से बचना बेहद जरूरी है। सबसे पहली गलती है पर्याप्त नींद न लेना। अनियमित दिनचर्या और कम नींद माइग्रेन को ट्रिगर कर सकती है। दूसरी बड़ी वजह है गलत खानपान। तैलीय, मसालेदार और जंक फूड की जगह संतुलित आहार, ताजे फल, हरी सब्जियां और प्रोटीन युक्त भोजन को प्राथमिकता दें।
तीसरी गलती है कम पानी पीना। शरीर में पानी की कमी सिरदर्द को बढ़ा सकती है, इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। चौथी आदत है तनाव और चिंता। लगातार मानसिक तनाव माइग्रेन के दौरे को बढ़ा सकता है, इसलिए योग, मेडिटेशन और गहरी सांस लेने जैसी तकनीकों को अपनाना लाभदायक हो सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात, बार-बार होने वाले सिरदर्द को नजरअंदाज न करें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ से परामर्श लें। सही समय पर इलाज, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित दिनचर्या अपनाकर माइग्रेन को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
