श्री सिद्धिविनायक मंदिर घोटाला: 5 साल के चढ़ावे की होगी जांच, महाराष्ट्र सरकार ने ऑडिट के दिए आदेश

Follow Us

मुंबई। मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दान राशि और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंदिर ट्रस्ट को पिछले पांच वर्षों में प्राप्त नकद दान, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य चढ़ावे का विस्तृत ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद मंदिर प्रशासन में हलचल तेज हो गई है।

यह मामला तब चर्चा में आया जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने मंदिर में करोड़ों रुपये के दान में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके बाद ट्रस्ट ने कुछ वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान 9 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 46 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है।

हालांकि, मंदिर ट्रस्ट ने 18 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के दावे को स्वीकार नहीं किया है। ट्रस्ट का कहना है कि, उसने स्वयं संभावित गड़बड़ियों की जानकारी मिलने पर जांच एजेंसियों को सूचित किया और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑडिट की मांग की थी। अब सरकार के निर्देश के बाद पूरे मामले की वित्तीय जांच तेज होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।