रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की भी संभावना है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, तेज हवाओं के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 33 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटों के दौरान बलरामपुर जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि वाड्रफनगर में 7 सेंटीमीटर और खड़गांव में 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामानुजगंज, रामचंद्रपुर, कोटाडोल, चिरमिरी और बलरामपुर में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना होते हुए पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
