मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में 18 करोड़ के दान घोटाले का खुलासा, 9 कर्मचारी गिरफ्तार, 46 निलंबित

Follow Us

मुंबई। देश के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने दान राशि की चोरी के आरोप में 9 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 46 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और ट्रस्ट ने विस्तृत जांच की मांग की है।

ट्रस्ट अध्यक्ष सदा सरवणकर ने बताया कि, एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कथित चोरी का खुलासा हुआ। आरोप है कि, कुछ कर्मचारी दानपात्र से रकम निकालकर गबन कर रहे थे। ट्रस्ट का कहना है कि, इस मामले में करीब 18 करोड़ रुपये की अनियमितता सामने आई है।

यह मामला तब चर्चा में आया जब मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सार्वजनिक रूप से सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल करोड़ों रुपये के दान के गबन का आरोप लगाया था। इसके बाद ट्रस्ट ने कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ट्रस्ट ने दावा किया कि, निगरानी व्यवस्था मजबूत होने के बाद मंदिर की वार्षिक आय 114 करोड़ रुपये से बढ़कर 182 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।