काँकेर। सुप्रसिद्ध समाज सेवी संगठन “जन सहयोग ” द्वारा आज असम प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के लिए यथासंभव आर्थिक सहायता कलेक्टर काँकेर के माध्यम से प्रेषित की गई है। ज्ञातव्य है कि भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में ऐसी भयंकर बाढ़ आई हुई है, जिसने विगत 100 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जान- माल का नुकसान इतना अधिक हुआ है, जिसका आकलन करने में ही बहुत समय लग जाएगा ।
यह समाचार मिलते ही जन- -सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने बाढ़ पीड़ित, भूखे ,प्यासे ,बेघरबार लोगों की तात्कालिक मदद के लिए आर्थिक सहायता करने का संकल्प लेते हुए आम जनता से विनम्रता पूर्वक चंदा मांग कर 31,100/-की पर्याप्त रकम इकट्ठी की, जिसे आज जिला उत्तर बस्तर काँकेर के कलेक्टर महोदय को सौंप दिया गया ताकि वे उसे काँकेर की जनता की ओर से असम राज्य की बाढ़ पीड़ित जनता के लिए अतिशीघ्र प्रेषित कर सकें। कलेक्टर महोदय ने उदारता पूर्वक इस रकम को ₹51,100/ तक बढ़ाने की बात कही ,जिसकी सबने प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि बाढ़ की विभीषिका को बस्तर तथा काँकेर वासियों ने वर्षों से बार-बार महसूस किया है इसलिए बाढ़ की तबाही का दर्द अच्छी तरह जानते हैं। आज भी यहां के लोगों के मन में 1976 की प्रलयंकारी बाढ़ की यादें ताज़ा है ,जिसमें आधा शहर तबाह हो गया था। घर घर जाकर प्रार्थना कर चंदा लेने के कार्य में जन – सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा भूतपूर्व सैनिक टी के जैन, राजकुमार फव्यानी, अनुराग उपाध्याय,दिलीप कुमार गंजीर, संजय मंशानी तथा धर्मेंद्र देव आदि नौजवान सक्रिय रूप से शामिल हुए थे। “जन सहयोग” संस्था के इस नेक कार्य की समस्त ज़िले में सराहना की जा रही है।
