रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ, जिला इकाई रायपुर की महत्वपूर्ण बैठक आज गुरु घासीदास प्लाजा, आमापारा, रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, कर्मचारियों की लंबित मांगों, आगामी रणनीति तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, प्रदेश महासचिव कौशलेश तिवारी, प्रदेश संगठन प्रमुख डॉ. रविशंकर दीक्षित एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला रायपुर की ओर से जिला अध्यक्ष डॉ. गौरव तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष निर्मला साहू, उपाध्यक्ष संगीता मिश्रा, महामंत्री आलोक पांडे, संगठन मंत्री जागेश्वर साहू, कोषाध्यक्ष सुनील ठाकुर, जिला सचिव घनश्याम साहू सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी-अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में संघ की 10 सूत्रीय मांगों पर विस्तृत चर्चा करते हुए शासन स्तर पर जारी प्रयासों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की गई। कर्मचारियों की प्रमुख लंबित मांगों के निराकरण के लिए चरणबद्ध रणनीति तैयार करने, सभी जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा कर्मचारियों के बीच समन्वय और एकजुटता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान जिला इकाई के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी का विस्तार भी सर्वसम्मति से संपन्न किया गया तथा नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन की जिम्मेदारियाँ सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के NHM कर्मचारियों के हितों, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया गया कि वे संगठन की एकता बनाए रखते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं आंदोलनों में सक्रिय सहभागिता निभाएँ, ताकि कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जा सके।
