जंतर मंतर प्रदर्शन में घायल आईआईटी छात्रा पहुंची सुप्रीम कोर्ट, देशभर में एक जैसी एसओपी – पुलिस नेम बैज की मांग

Follow Us

नई दिल्ली। जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुई आईआईटी पटना की छात्रा तोशिवा यादव ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने देशभर में होने वाले प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई के लिए एक समान स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए नेम बैज अनिवार्य किए जाने की मांग की है। इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई होने की संभावना है।

तोशिवा यादव 20 जुलाई को आयोजित उस प्रदर्शन में शामिल थीं, जिसमें प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के बाद लौटते समय पुलिस ने आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए।

छात्रा का दावा है कि उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई, जिसके बाद तत्काल टांके लगाने पड़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई में शामिल कई पुलिसकर्मी वर्दी में थे, लेकिन उनके नेम बैज या पहचान चिन्ह नहीं लगे थे, जिससे उनकी पहचान संभव नहीं हो सकी। याचिका में प्रदर्शन के दौरान घायल लोगों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे देश में समान दिशा-निर्देश लागू करने की मांग भी की गई है।