रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय कृतिका साहू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, कृतिका साहू के पति एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कलेक्शन का काम करते हैं। रविवार को घर के एक कमरे में कृतिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में शादी के बाद संतान नहीं होने को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है तथा हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
