रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के वार्षिक खेल महोत्सव ‘खेल मड़ई-2026’ का पारितोषिक वितरण समारोह 2 अगस्त को मधुकर खेर स्मृति प्रेस क्लब भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में क्रिकेट, शतरंज, बैडमिंटन, कैरम और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं के विजेता, उपविजेता एवं सेमीफाइनलिस्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस वर्ष आयोजित खेल महोत्सव में इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता के अलावा विभिन्न इंडोर खेलों का सफल आयोजन किया गया। महिला पत्रकारों की क्रिकेट टीमों के बीच प्रदर्शन मैच और संपादकों की टीमों के बीच मैत्री मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे आयोजन में करीब 300 खिलाड़ियों और पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त ने खिताब जीता, जबकि विस्तार न्यूज इलेवन उपविजेता रही। आईबीसी-24 और एस जर्नो की टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचीं। वहीं बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं में भी विभिन्न वर्गों के विजेताओं का चयन किया गया।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी , महासचिव गौरव शर्मा सहित पदाधिकारियों और खेल समिति के संयोजक विजय मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों, पत्रकार साथियों एवं खेल प्रेमियों से 2 अगस्त को आयोजित समारोह में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की।
