भटगांव। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता और अस्पताल संचालन की स्थिति की समीक्षा की।
मंत्री राजवाड़े ने अस्पताल के ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पेयजल व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अस्पताल में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने और चिकित्सा उपकरणों के बेहतर संचालन पर जोर दिया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए यहां सभी जरूरी सुविधाएं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
