कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य मार्ग पर बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान वह सामने से आ रही स्कूटी से भी टकरा गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात सीएसईबी चौक के पास हुआ। डिवाइडर से मुड़ रही कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी उससे टकरा गई। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं, जो संतुलन बिगडऩे से सड़क पर गिर गईं। हालांकि, उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
