अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, गरियाबंद में 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

गरियाबंद। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात कांदगड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 8 पुलिसकर्मियों की टीम कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया।

स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिसकर्मी रात में ही गांव से वापस लौट आए। इसके बाद सुबह पुलिस ने दोबारा गांव पहुंचकर कार्रवाई की और छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक यदुराज की शिकायत पर आरोपी सुमित्रा नेताम, चुनेश्वर मरकाम समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।