रायपुर (ग्रामीण) पुलिस की पहल: उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों एवं अवैध प्रवासी भारतीयों की जानकारी अनिवार्य रूप से थाना को देने के निर्देश

Follow Us

*थाना सिलतरा में उद्योग प्रबंधन एवं HR अधिकारियों की बैठक, सुरक्षा एवं सत्यापन व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश*

रायपुर। पुलिस अधीक्षक स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना सिलतरा में क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन एवं मानव संसाधन (HR) अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) एवं नोडल अधिकारी (अप्रवासी भारतीय) अभिषेक झा ने सभी फैक्ट्री प्रबंधन को निर्देशित किया कि उनके यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों, श्रमिकों एवं मजदूरों का अद्यतन विवरण नियमित रूप से थाना सिलतरा में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यदि किसी औद्योगिक इकाई में कोई अवैध प्रवासी , विदेशी नागरिक अथवा अन्य राज्य से आए श्रमिक कार्यरत हों, तो उनकी जानकारी भी नियमानुसार तत्काल थाना में उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक सत्यापन एवं सुरक्षा संबंधी कार्यवाही समय पर सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में उद्योग प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए गए कि नए कर्मचारी के कार्यभार ग्रहण करने, कर्मचारी के कार्य छोड़ने अथवा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सभी उद्योगों को अपने कर्मचारियों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने एवं पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करने हेतु कहा गया।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि उद्योगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम तथा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। बैठक में उपस्थित सभी उद्योग प्रतिनिधियों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

अपील: रायपुर (ग्रामीण) पुलिस आमजन एवं औद्योगिक इकाइयों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, विदेशी नागरिक, अप्रवासी भारतीय अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल, थाना प्रभारी सिलतरा राजेन्द्र सिंह कँवर एवं थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे ।