बिलासपुर। डीजल चोरी के आरोपियों को थाने से छोड़े जाने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई, जिसमें आरोपियों को छोड़े जाने की बात सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर से डीजल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को दबिश देकर पकड़ा था। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में इनमें से तीन आरोपी बैसाखू, राजेश और राजू को थाने से छोड़ दिया गया।
मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग का कहना है कि, कानून व्यवस्था और कार्रवाई की प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, इस मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है।

