रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत आज से हो रही है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक विधानसभा समिति कक्ष में हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी।
प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री सदन में छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन 2024-25 तथा आयोग के अधिसूचित विनियम 2026 भी पटल पर रखेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबीजीआरजी) योजना’ से संबंधित दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओ.पी. चौधरी जीएसटी नेटवर्क की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 और फरवरी-मार्च 2026 सत्र के प्रश्नों के लंबित उत्तरों का संकलन पटल पर रखेंगे।
सत्र के पहले दिन वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण में कथित लापरवाही का मुद्दा ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।
