रु.10 की चाय बनी मौत की वजह! मामूली विवाद में दुकानदार ने ग्राहक का गला रेतकर की हत्या

Follow Us

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में महज रु.10 की चाय के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। कपिल नगर थाना क्षेत्र के सहारे पेट्रोल पंप के पास रविवार दोपहर एक चाय विक्रेता ने ग्राहक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मनोज विश्वनाथ यादव के रूप में हुई है, जो डेकोरेशन का सामान ढोने वाले वाहन का चालक था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज और चाय-पान की दुकान चलाने वाले कैलाश गणवीर के बीच रु.10 के भुगतान को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में चाकू निकाला और मनोज के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही कपिल नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को पीएम के लिए भेजा और मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, मामूली आर्थिक विवाद ने कुछ ही मिनटों में एक व्यक्ति की जान ले ली। अधिकारियों का कहना है कि, मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।