गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले से चुनावी प्रक्रिया के दौरान रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। रंका प्रखंड के खपरो पंचायत स्थित गोरयाबांध टोला में तैनात महिला बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत फॉर्म भरने के बदले ग्रामीणों से 50 से 100 रुपये तक की मांग करती दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर वोटर सूची से नाम हटाने और नागरिकता से जुड़े अधिकार प्रभावित होने की धमकी भी दी जा रही थी।
वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित बीएलओ जमीला बीबी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया। गढ़वा के उपायुक्त पी.एन. मिश्रा ने बताया कि सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई, जिसमें पैसे लेने की पुष्टि हुई थी। हालांकि, जमीला बीबी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि, उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका दावा है कि उन्होंने अब तक 170 से अधिक SIR फॉर्म बिना किसी अवैध वसूली के भरे हैं। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
