नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले करीब 20 दिनों से किसी भी सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम में नजर नहीं आए हैं। उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान से जुड़े कई कार्यक्रमों में भी बदलाव किया गया है। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत राहुल गांधी का छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम 15 जुलाई को पटना में प्रस्तावित था, जिसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब यह कार्यक्रम 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी इन दिनों विदेश दौरे पर हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से उनकी यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है और न ही राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने दौरे से जुड़ी कोई जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि उनकी भारत वापसी 12 जुलाई तक होने की संभावना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पटना से कार्यक्रम हटाकर देहरादून में आयोजित करने के पीछे बिहार कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान भी एक प्रमुख वजह है। हाल ही में हुई संगठनात्मक बैठकों में राज्य इकाई के भीतर मतभेद सामने आने के बाद कार्यक्रम का स्थान बदला गया।
राहुल गांधी की अनुपस्थिति के कारण प्रयागराज में 10 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम भी स्थगित करना पड़ा। अब कांग्रेस उनकी वापसी के बाद ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को दोबारा गति देने की तैयारी कर रही है। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी और कथित विदेश दौरे को लेकर पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
