रायपुर। राजधानी के अश्वनी नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.5 इंच लंबा धारदार चाकू जब्त किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अश्वनी नगर में एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोनू राजतराय (19 वर्ष) निवासी पानी लाखे नगर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में बताई। पुलिस द्वारा चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 317/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या लोगों को डराने-धमकाने वाले किसी भी व्यक्ति की सूचना तत्काल 112 या नजदीकी थाना पुलिस को दें। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
