इंस्टाग्राम वीडियो से खुला गोह के शिकार और तस्करी का राज, पांच आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जिले में वन विभाग ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन्यजीव गोह (मॉनिटर लिजर्ड) के शिकार और उसके अंगों की तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से गोह बरामद की गई है। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972** के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बम्हनीडीह ब्लॉक के ग्राम गोविंदा के कुछ युवकों ने गोह का शिकार कर उसका वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी सूचना वन विभाग को मिली। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने गांव में दबिश दी और जांच के दौरान एक आरोपी शिवराम गोंड के घर की बाड़ी में गड्ढा खोदकर छिपाई गई गोह बरामद की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गोह के नाखून निकालकर उन्हें ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहे थे। इस मामले में दिनेश पटेल, हरिराम गोंड, शिवा गोंड, चमन गोंड और विनोद केवट को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग के एसडीओ एचआर शर्मा ने बताया कि गोह संरक्षित वन्यजीव है और इसका शिकार करना कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।