सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अजबनगर के मोरभंज में नियमों की अनदेखी करते हुए कार से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों द्वारा किए गए इस जानलेवा कार स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक चलती कार से खतरनाक करतब दिखा रहे हैं। इस दौरान कोई कार से ड्रिफ्टिंग करता नजर आ रहा है तो कोई डोनट्स स्टंट कर रहा है। युवकों ने पर्यटन स्थल पर न सिर्फ यातायात नियमों की अनदेखी की, बल्कि अपनी और वहां मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंट से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पर्यटन स्थलों पर इस तरह की लापरवाही पर्यटकों की जान के लिए खतरा बन सकती है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों ने पुलिस और प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान और कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
