राजनीति में संविधान और कानून के जानकारों का आना जरूरी: बृजमोहन अग्रवाल, अधिवक्ता संघ को सांसद निधि से 10 लाख देने की घोषणा

Follow Us

रायपुर । रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में शुक्रवार को रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नव निर्वाचित अध्यक्ष देवांगन एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए न्याय व्यवस्था की साख को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

‘न्याय व्यवस्था पर जनता का सबसे ज्यादा भरोसा’

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ उनका लगभग 50 वर्षों का जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि आज समाज में यदि किसी व्यवस्था पर लोगों का सबसे अधिक विश्वास बचा है, तो वह न्याय व्यवस्था है।

उन्होंने कहा, “यदि न्यायाधीश और अधिवक्ता मिलकर काम नहीं करेंगे तो न्याय व्यवस्था प्रभावित होगी। समाज में फैले अविश्वास को विश्वास में बदलने की जिम्मेदारी न्याय व्यवस्था की है।”

‘राजनीति में कानून के जानकारों की जरूरत’

राजनीतिक व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए सांसद ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए संविधान और कानून की समझ रखने वाले लोगों का राजनीति में आना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले संसद और विधानसभाओं में बड़ी संख्या में वकालत और न्यायिक पृष्ठभूमि के लोग होते थे, लेकिन अब ऐसे लोगों की संख्या लगातार कम हो रही है।

उन्होंने कहा, “देश की राजनीति को बेहतर बनाने के लिए पढ़े-लिखे और संविधान व कानून के जानकार लोगों को आगे आना चाहिए।”

अधिवक्ता संघ को सांसद निधि से 10 लाख रुपये

अपने संबोधन के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने जिला अदालत से जुड़े पुराने संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 से 2000 तक उनका न्यायालय से लगातार जुड़ाव रहा और छात्र जीवन में प्रवेश संबंधी मामलों के लिए उन्हें जबलपुर हाईकोर्ट तक जाना पड़ा था।

अधिवक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने रायपुर जिला अधिवक्ता संघ की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

गरीबों को न्याय दिलाने पर दिया जोर

सांसद ने अधिवक्ता संघ से आग्रह किया कि दूर-दराज से आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए संचालित लीगल क्लीनिक को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में गरीबों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

समारोह में कई वरिष्ठ हस्तियां रहीं मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष विराट वर्मा, सदस्य बृजेश नाथ पाण्डेय, फैज़ल रिजवी, विवेकानंद भोई, पूर्व अध्यक्ष राम नारायण व्यास, हितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिवक्ता संघ के नव निर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया तथा संघ के नए कैलेंडर का भी विमोचन किया।