दुर्ग पुलिस का बड़ा खुलासा: सूने मकानों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 32 लाख का माल बरामद

Follow Us

दुर्ग। जिले में लगातार हो रही सूने मकानों की चोरी की घटनाओं का दुर्ग पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र में हुई 8 चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख रुपये का चोरी का मशरूका, वाहन और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया था। इसके तहत रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

संदिग्ध कार रोकने पर खुला चोरी का राज

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग और नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की इंडिगो कार संदिग्ध हालत में नजर आई। पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 2 एलईडी टीवी, डीवीआर, सब्बल, पेचकस और स्क्रूड्राइवर सहित चोरी में उपयोग किए जाने वाले सामान मिले। पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से बना चोर

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा (41 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जामुल ने बताया कि वह पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करता था। इस दौरान उसे कई क्षेत्रों और कॉलोनियों की जानकारी हो गई थी।

आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करता था और जब उसे भरोसा हो जाता था कि घर में कोई मौजूद नहीं है, तब रात के समय सब्बल और अन्य उपकरणों की मदद से मकान में घुसकर चोरी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक परेशानियों और बढ़ते वित्तीय दबाव के चलते चोरी शुरू करने की बात स्वीकार की है।

फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखे चोरी के गहने

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषणों को विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर पैसे लेता था। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस और बजाज गोल्ड फाइनेंस से गिरवी रखे गए आभूषण बरामद किए हैं।

8 चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में हुई कुल 8 चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें साकेत कॉलोनी, मधुबन नगर बोरसी, विराट नगर बोरसी, सुंदर नगर बोरसी सहित अन्य स्थानों की वारदातें शामिल हैं।

25 लाख के सोने के गहनों सहित 32 लाख का सामान बरामद

दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें—

0 करीब 168 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत लगभग 25 लाख रुपये
0 करीब 150 ग्राम चांदी के आभूषण
0 2 एलईडी टीवी
0 1 डीवीआर
0 चोरी में इस्तेमाल सब्बल, पेचकस और अन्य उपकरण
0 सफेद इंडिगो कार
0 फोर्ड इकोस्पोर्ट वाहन
0 एक्सेस स्कूटी

शामिल हैं। कुल बरामदगी करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।

दूसरे आरोपी की भूमिका की जांच जारी

इस मामले में पुलिस ने तुषार मिश्रा (40 वर्ष), निवासी कैलाश नगर भिलाई को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी के सामान से प्राप्त राशि का कुछ हिस्सा उसके बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

चोरी की घटनाओं के खुलासे में थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने पर पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन गश्त, नाकेबंदी और तकनीकी निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे।