मशहूर श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में भीषण आग, लाखों का नुकसान; दमकल की देरी पर लोगों का फूटा गुस्सा

Follow Us

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित प्रसिद्ध श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में होटल पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने तक होटल में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और खाद्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग से वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये की संपत्ति कुछ ही मिनटों में स्वाहा हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध होती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री द्वारा तखतपुर में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी। हर आगजनी की घटना के बाद यह मुद्दा उठता है, लेकिन स्थायी समाधान आज भी नहीं मिल पाया है। लोगों का कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।