कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी सामुदायिक विकास पहल के तहत कोरबा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए सोनपुरी ग्राम पंचायत में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं पाढ़ीमार, बालकोनगर में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, बालको के मुख्य कॉरपोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मंत्री देवांगन ने बालको के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, कंपनी औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभा रही है।
सोनपुरी में बना सामुदायिक भवन ग्रामीणों के सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और सार्वजनिक बैठकों के लिए उपयोगी केंद्र बनेगा। वहीं पाढ़ीमार में प्रस्तावित भवन गांव के विकास और सामुदायिक गतिविधियों को नई गति देगा। बालको के सीईओ राजेश सिंह ने कहा कि, कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में बालको ने 85 से अधिक विकास कार्य पूरे किए हैं, जिनसे 20 गांवों के 20 हजार से ज्यादा लोगों को लाभ मिला है। कंपनी भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
