सूरजपुर। जिले में अवैध बोल्डर खनन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नियमों का उल्लंघन और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर तीन स्टोन क्रेशरों को सील कर दिया गया है। बता दें कि बीते दिनों अवैध बोल्डर खदान में चट्टान गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में अवैध खनन और क्रेशर संचालन के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान नियमों की अनदेखी और अनियमितताएं पाए जाने पर तीन स्टोन क्रेशरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित खदानों और क्रेशरों की लगातार जांच की जा रही है। अवैध खनन, पर्यावरण नियमों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
