भरोसे का सौदा पड़ा भारी: कर्मचारी ने 58 लाख की ठगी कर व्यवसायी को लगाया चूना, फरार

Follow Us

धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में भरोसे को तार-तार कर देने वाला ठगी का मामला सामने आया है। सेकंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करने वाले एक व्यवसायी से उसके ही भरोसेमंद कर्मचारी ने कथित तौर पर 58 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, आरोपी शिवम रजक लंबे समय से उसके यहां कार्यरत था और अपने व्यवहार से उसने मालिक का विश्वास जीत लिया था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने फाइनेंस वाली गाड़ियों की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित ठगी की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आठ अलग-अलग गाड़ियों के सौदों में मालिक के नाम पर एग्रीमेंट कराए और यह कहकर भरोसा दिलाया कि फाइनेंस की किस्तें वह स्वयं जमा करेगा। इस दौरान उसने कथित तौर पर हेरफेर कर करीब 58 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पूरी रकम मिलने के बाद वह अचानक फरार हो गया।

काफी तलाश के बाद भी आरोपी का पता नहीं चलने पर व्यवसायी ने कुरुद थाना में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।