दंतेवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को दंतेवाड़ा में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। मां दंतेश्वरी की पावन धरा से निकली यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ युवा, किसान, श्रमिक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा से मशाल प्रज्ज्वलित कर हुई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंची। इस दौरान लोगों ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
मां दंतेश्वरी की धरती से दीर्घायु की कामना
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरा से सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की पहल है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में विभिन्न जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही पूरा होगा। उन्होंने मां दंतेश्वरी की पावन भूमि से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा प्रेरणादायी रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित – मुख्यमंत्री साय
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बस्तर और दंतेवाड़ा के युवा, किसान, श्रमिक और नागरिक इस संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बनेगा विकसित भारत संकल्प सेवा चौक
कार्यक्रम के दौरान इसी स्थल पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक के निर्माण की घोषणा की गई। इसका उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को स्थायी रूप से जनमानस से जोडऩा है। कार्यक्रम में भाजपा जिला संगठन प्रभारी शिवनारायण पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
