धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कुरूद पुलिस ने स्कूल के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 36 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कुरूद थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान और केशवराम ध्रुव, दोनों निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।
