जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Follow Us

रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें और मांगें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।

जनदर्शन में पुसौर के ग्राम तड़ोला निवासी अंकुर नंदे ने घरेलू बिजली कनेक्शन होने के बावजूद लगातार अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को मामले की जांच कर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं जगतपुर की रेवती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी, जिस पर पात्रता परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
घरघोड़ा निवासी तीर्थराज झरिया ने एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा और रोजगार नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

तमनार के कर्रापाली निवासी चैतन गुप्ता ने अपने 90 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र के लिए दिव्यांग पेंशन और राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग रखी। समाज कल्याण विभाग को इस पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं लैलूंगा के गंजपुर सरपंच ने नए स्कूल भवन निर्माण की मांग की, जबकि कोतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने खराब बोरवेल के कारण पेयजल संकट दूर करने के लिए नए बोर खनन की मांग उठाई। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जनदर्शन में भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राशन कार्ड, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।