वासेपुर डबल मर्डर का उम्रकैद आरोपी 13 साल तक अंबिकापुर में छिपा रहा, पुलिस को चकमा देकर फरार

Follow Us

अंबिकापुर। झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा पा चुका फरार आरोपी साबीर आलम पिछले करीब 13 वर्षों से अंबिकापुर में पहचान बदलकर रह रहा था। झारखंड पुलिस की दबिश के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद अब झारखंड और सरगुजा पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, साबीर आलम पर वर्ष 2001 में वासेपुर के चर्चित शख्स फहीम खान की मां और मौसी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। मामले में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और उसकी संपत्ति कुर्क करने के आदेश भी दिए थे। सजा के बाद वह फरार हो गया।

आरोप है कि वर्ष 2013 से वह अंबिकापुर के मोमिनपारा क्षेत्र में पहचान छिपाकर रह रहा था। इस दौरान वह बस संचालन और सिलाई की दुकान की आड़ में सामान्य जीवन जी रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्थानीय व्यक्ति वैदुल खान ने उसे आश्रय देने और पहचान छिपाने में मदद की। इस मामले में पुलिस ने वैदुल खान समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर झारखंड पुलिस आरोपी को पकड़ने अंबिकापुर पहुंची, लेकिन कार्रवाई के दौरान वह फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश कर रही है।