रायपुर। हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार स्थित अपने कार्यालय में निःशुल्क ई-हज सुविधा केंद्र शुरू किया है, जहां इच्छुक आवेदकों के ऑनलाइन फॉर्म बिना किसी शुल्क के भरे जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग ने बताया कि कई लोगों को ऑनलाइन आवेदन भरने में कठिनाई होती है। इसी को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है, ताकि सभी इच्छुक आवेदक समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा कर सकें।
हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार, हज 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि हज कमेटी कार्यालय में इसके लिए विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर आवेदक अपना ऑनलाइन आवेदन भरवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार, रायपुर या दूरभाष 0771-4266646 पर संपर्क किया जा सकता है।
