बर्थडे पार्टी के विवाद में युवक की हत्या, नागपुर से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी तुषार ढांढा

Follow Us

कोरबा। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में कैंपर वाहन से युवक को कुचलकर हत्या करने वाले फरार आरोपी तुषार ढांढा को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की रात ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए 20 से 25 युवक उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। देर रात पार्टी के दौरान किसी मामूली बात पर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में तुषार ढांढा ने रिसोर्ट में तोड़फोड़ की और वहां मौजूद लोगों से भी विवाद किया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में बोलेरो कैंपर वाहन उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नागपुर में दबिश देकर तुषार ढांढा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।