लंदन। लंदन में आयोजित आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफल समापन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने महिला क्रिकेट के बढ़ते विस्तार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह के नेतृत्व में महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिली है। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में 28,000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाया। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
सैकिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि स्टेडियम का खचाखच भरा होना इस बात का प्रमाण है कि महिला क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका भविष्य बेहद उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि जय शाह के नेतृत्व में आईसीसी ने इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड ने शानदार पारियां खेलकर टीम को खिताबी जीत दिलाई।
