बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की संभावना, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी

Follow Us

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में साफ देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बिलासपुर और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसमी वर्षा अब भी सामान्य से करीब 46 प्रतिशत कम बनी हुई है।

प्रदेश में शनिवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। अधिकतम तापमान रायपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के आंकड़ों के अनुसार बड़े बचेली में सर्वाधिक 14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा में 7 सेमी, चांपा, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारामकेला में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में 1 से 5 सेमी तक वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में अगले 3 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।