Jn. NTR की नई पैन इंडिया फिल्म का ऐलान, पौराणिक कहानी और दमदार एक्शन से सजेगा बड़ा सिनेमाई प्रोजेक्ट

Follow Us

मुंबई। पैन इंडिया स्टार जूनियर एनटीआर (Jn. NTR) ने अपनी नई फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस फिल्म में जूनियर एनटीआर एक बार फिर निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ काम करेंगे। इससे पहले दोनों की जोड़ी फिल्म ‘अरविंदा समेता वीरा राघवा’ में दर्शकों का दिल जीत चुकी है।

फिलहाल फिल्म के शीर्षक का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसका पहला पोस्टर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। पोस्टर में त्रिशूल और भाला डीएनए जैसी आकृति में जुड़े हुए दिखाई देते हैं, जिसके साथ लिखी टैगलाइन “One Trident, One Purpose… One Divine Reckoning” ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

मेकर्स के अनुसार, यह एक बड़े बजट की पौराणिक कथा से प्रेरित पैन इंडिया फिल्म होगी, जिसमें भक्ति, दिव्यता, दमदार एक्शन और शानदार विजुअल्स का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। जूनियर एनटीआर ने पोस्टर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “Son of Shiva, Pride of Parvati and a Glorious Commander.” इस कैप्शन के बाद सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही हैं कि फिल्म की कहानी भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय से प्रेरित हो सकती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी त्रिविक्रम श्रीनिवास संभाल रहे हैं। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इस फिल्म के अलावा वह निर्देशक प्रशांत नील की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Dragon’ में भी नजर आएंगे। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन पहले पोस्टर ने ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है।