रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी गई। 20 विभिन्न खेलों के इन खिलाड़ियों को जल्द ही शासकीय सेवा में नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक में अनुमोदित सूची को सामान्य प्रशासन विभाग भेजा जाएगा। अधिसूचना जारी होने के बाद नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ होगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह बड़ा फैसला माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल प्रतिभाओं के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों के अनुभव का उपयोग नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।

