धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर मंत्री रामविचार नेताम का बड़ा बयान, बोले- शिकायत मिलते ही प्रशासन करेगा त्वरित कार्रवाई

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट किया है कि यदि धर्म परिवर्तन या संबंधित मामलों में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो प्रशासन उसे गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करेगा।

विपक्ष की ओर से नए धर्म स्वातंत्र्य कानून के लागू नहीं होने और पुराने अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि सरकार इस विषय पर पूरी तरह सजग है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री ने आगे कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक जल्द ही लागू किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सकारात्मक बात है कि विपक्ष भी इस विधेयक को लेकर चिंता जता रहा है। उन्होंने कहा कि समय के साथ राजनीतिक दलों की सोच में बदलाव दिखाई दे रहा है और कई ऐसे लोग, जो पहले धार्मिक मुद्दों से दूरी बनाए रखते थे, अब मंदिरों में भी नजर आ रहे हैं।