मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना राया क्षेत्र में मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 112-113 के बीच सुबह करीब 3:35 बजे गोला बस सर्विस की वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से 25 लोग घायल हो गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय बस में लगभग 65 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना राया पुलिस बल ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तुरंत जिला अस्पताल, मथुरा भेजा।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतकों की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने बताया कि, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और आगे चल रहे वाहन से टक्कर की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर यातायात सामान्य कर दिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
