नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली में सुधार और NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से मिले अनुभवों की समीक्षा को लेकर आज (1 जुलाई) संसद में शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
समिति की पहली बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, जिसमें NEET-UG 2026 री-एग्जाम की प्रक्रिया, उससे मिले सबक और NTA में प्रस्तावित सुधारों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं ISRO के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन परीक्षा सुधारों का रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी भी शामिल होंगे।
बैठक के दौरान NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह पुनर्परीक्षा से जुड़े अनुभव, भविष्य की रणनीति और परीक्षा प्रणाली को अधिक मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे सुधारों की जानकारी देंगे। समिति का दूसरा सत्र दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जिसमें शिक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका और छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने की रणनीतियों पर चर्चा होगी। इस सत्र में Delhi School of Artificial Intelligence और Sarvam AI के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की सुरक्षा, पारदर्शिता और तकनीकी मजबूती बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया अधिक भरोसेमंद और प्रभावी बन सके।
