रिक्रमा पथ परियोजना के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम, डोंगरगढ़ में घंटों थमा ट्रैफिक; प्रशासन ने बदला रूट

Follow Us

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में 55 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परिक्रमा पथ परियोजना के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। हाईस्कूल चौक पर किए गए चक्काजाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। खैरागढ़, चिचोला, महाराष्ट्र और राजनांदगांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद प्रशासन को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

प्रदर्शन में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, नवाज खान, कांग्रेस नेता विजयराज सिंह, संध्या देशपांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और परिक्रमा पथ परियोजना का विरोध कर रहे प्रभावित किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि शहर की सबसे बड़ी जरूरत बाईपास सड़क और बेहतर यातायात व्यवस्था है, लेकिन प्रशासन इन जरूरी कार्यों की बजाय करोड़ों रुपये की परिक्रमा पथ परियोजना को प्राथमिकता दे रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चार प्रमुख मांगें रखीं—

o परिक्रमा पथ परियोजना को तत्काल रद्द किया जाए।
o डोंगरगढ़ बाईपास निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।
o सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
o शहर के तीन प्रमुख चौकों पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए।

चक्काजाम के कारण आम नागरिकों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया तथा वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित कर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। परिक्रमा पथ परियोजना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब किसानों के विरोध से आगे बढ़कर राजनीतिक आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।