मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर पैपराज़ी के कैमरों के बीच चर्चा में आ गईं। हाल ही में मुंबई में एक फैमिली डिनर के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराज़ी की लगातार फोटोग्राफी से नाराज नजर आईं। जानकारी के मुताबिक, सोनाक्षी सिन्हा अपने पति ज़हीर इकबाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डिनर के लिए एक रेस्टोरेंट पहुंची थीं। जैसे ही वे बाहर निकले, पैपराज़ी ने उन्हें घेर लिया और लगातार फोटो और वीडियो लेने लगे। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
वीडियो में सोनाक्षी सिन्हा हाथ जोड़कर पैपराज़ी से शूटिंग रोकने की अपील करती नजर आती हैं। वह कहती हैं, “दोस्तों… हो गया, बस हो गया, थैंक यू।” हालांकि इसके बावजूद कुछ समय तक फोटो और वीडियो शूटिंग जारी रही। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि सेलेब्रिटीज की प्राइवेसी और पब्लिक अपीयरेंस के बीच संतुलन कितना जरूरी है।
गौरतलब है कि सोनाक्षी और ज़हीर इकबाल ने हाल ही में अपनी दूसरी सालगिरह मनाई थी और फुकेट वेकेशन की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। दोनों ने 2024 में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा को आखिरी बार OTT फिल्म “सिस्टम” में देखा गया था, जिसमें उन्होंने एक पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की भूमिका निभाई थी। फिलहाल उनके अगले प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
