रायपुर में छाए बादल, 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में मानसून पकड़ सकता है रफ्तार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में तेजी आने और बारिश बढ़ने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा और जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, समुद्र तल पर सक्रिय मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। वहीं पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मणिपुर तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।