मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने वट पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और अपने पति रितेश देशमुख को खास अंदाज में याद किया। उन्होंने इस खास पल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने पति के लिए भावुक संदेश भी लिखा। जेनेलिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर गंगा स्नान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “Vat Purnima पर डुबकी लगाई और तुम्हें याद किया… मेरे पति रितेश।” उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जेनेलिया और रितेश देशमुख बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म ‘तुझे मेरी कसम’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। करीब 10 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 3 फरवरी 2012 को महाराष्ट्रीयन और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी। आज दोनों दो बेटों, रियान और राहिल, के माता-पिता हैं। यह कपल अक्सर सोशल मीडिया पर अपने परिवार के साथ बिताए खूबसूरत पलों की झलक साझा करता रहता है, जिसे फैंस खूब पसंद करते हैं।
वट पूर्णिमा हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे विशेष रूप से महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर भारत में विवाहित महिलाएं मनाती हैं। इस दिन महिलाएं व्रत रखकर वट (बरगद) वृक्ष की पूजा करती हैं और अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। यह पर्व सावित्री और सत्यवान की पौराणिक कथा से जुड़ा हुआ माना जाता है।

