ढाका। भारत और बांग्लादेश के रिश्तों के बीच एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बांग्लादेश की विपक्षी नेशनल सिटिजन्स पार्टी (NCP) के सांसद और विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम ने भारत से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बांग्लादेश की संसद में वर्ष 2026-27 के राष्ट्रीय बजट पर चर्चा के दौरान नाहिद इस्लाम ने कहा कि भारत को पिछले 16 वर्षों तक आवामी लीग का समर्थन करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश में नियुक्त भारत के नए उच्चायुक्त को ढाका पहुंचकर इस मुद्दे पर माफी मांगनी चाहिए थी।
नाहिद इस्लाम ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की ओर से साझा संबंधों की बात की जा रही है, लेकिन बांग्लादेश के लोग बीते वर्षों की घटनाओं को नहीं भूले हैं। उन्होंने सीमा पर कथित घटनाओं और भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। सांसद ने आरोप लगाया कि भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा सीमा पर बांग्लादेशी नागरिकों के साथ कथित तौर पर कठोर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि हाल के समय में सीमा पर कई बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है, जिस पर उनकी सरकार को कड़ा रुख अपनाना चाहिए। फिलहाल भारत सरकार की ओर से नाहिद इस्लाम के इन बयानों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
